पुलिस द्वारा जबरन शव उठाकर ले जाने से परिजनों में आक्रोश
आक्रोशित भीड़ द्वारा जाम लगाने से कुछ समय के लिए वाधित हुआ यातायात

पुलिस द्वारा जबरन शव उठाकर ले जाने से परिजनों में आक्रोश
आक्रोशित भीड़ द्वारा जाम लगाने से कुछ समय के लिए वाधित हुआ यातायात

पलियाकलां-खीरी। चीनी मिल के सामने ओवरलोड गन्ना भरे ट्रक से कुचलकर हुई युवक की मौत से आक्रोशित भीड़ ने जाम लगा दिया। परिजनों का आरोप था कि पुलिस ने उन लोगों के पहुंचने से पहले ही शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया। परिजनों का कहना था कि बेशक पुलिस आनन-फानन में शव को घटनास्थल से उठा ले गयी। लेकिन उन लोगों के पहुंचने तक शव को अस्पताल में ही रोकना चाहिए था, ताकि अन्तिम समय में एक बार वह लोग मृतक का चेहरा देख पाते। परिजनों द्वारा जाम लगाने से कुछ समय तक के लिए यातायात वाधित हो गया। इस दौरान पुलिस और मृतक के परिजनों के बीच काफी नोकझोंक भी हुई। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे पलिया सीओ अरविन्द वर्मा ने मृतक अरविन्द यादव के परिजनों को कार्रवाई करने का आश्वासन दिया। उसके बाद परिजनों का गुस्सा शान्त हुआ। कड़ी मशक्कत के उपरान्त जाम खुलवाने में पुलिस कामयाब हुई और यातायात सुचारू रूप से शुरू हो सका। देर रात पुलिस ने घटना कारित करने वाले ट्रक को कोतवाली में खड़ा करा लिया है। प्रभारी निरीक्षक विवेक उपाध्याय ने बताया कि मृतक के भाई की तहरीर के आधार पर आईपीसी की धारा 304ए, 279 व मोटर अधिनियम की धारा 184 ट्रक संख्या यूपी 31 टी 6621 के विरूद्ध अभियोग पंजीकृत किया गया है। आगे की कार्रवाई की जा रही है।






