लेखपाल पर पट्टा आवंटन का प्रलोभन देकर अवैध वसूली करने का लगा आरोप
- शनिवार को तहसील दिवस में पहुंचे पिपरिया भूड़ के तमाम पीड़ित ग्रामीणों ने डीएम को शिकायती प्रार्थना देकर की कार्रवाई करने की मांग

लेखपाल पर पट्टा आवंटन का प्रलोभन देकर अवैध वसूली करने का लगा आरोप
– शनिवार को तहसील दिवस में पहुंचे पिपरिया भूड़ के तमाम पीड़ित ग्रामीणों ने डीएम को शिकायती प्रार्थना देकर की कार्रवाई करने की मांग

पलियाकलां-खीरी। तहसील क्षेत्र में कुछ ग्रामीणों ने लेखपाल पर पट्टा आवंटन का प्रलोभन देकर अवैध वसूली करने का आरोप लगाते हुए कार्रवाई करने की मांग की है।
शनिवार को डीएम महेन्द्र बहादुर सिंह की अध्यक्षता में आयोजित तहसील समाधान दिवस में पहुंचे तहसील क्षेत्र के ग्राम कटैया मजरा पिपरिया भूड़ के तमाम ग्रामीणों ने डीएम को एक शिकायती प्रार्थना पत्र दिया। पत्र में कहा गया है कि वर्ष 2020 में तत्कालीन क्षेत्रीय लेखपाल गोपाल सिंह राणा ने उन लोगों के नाम पट्टे आवंटित करने का प्रलोभन देकर किसी से दस, किसी से बीस तो किसी से तीस हजार रूपयों की वसूली की थी। पैसा वसूलने के बाद भी उन लोगों के नाम पट्टे आवंटित नहीं किए गए। कई बार उन लोगों ने लेखपाल से कहा भी, लेकिन लेखपाल आज-कल करके टाल-मटोल करते रहे। इसी तरह से समय बीतता गया। उसके बाद लेखपाल ने अपना स्थानान्तरण करा लिया। उन लोगों को न तो पट्टे का लाभ मिल सका और न ही पैसे वापस किए गए। ग्रामीणों ने मामले की जांच कराकर लेखपाल के विरूद्ध कार्रवाई करते हुए पैसे वापस कराने की मांग की है। इस दौरान गोविन्द, रामसिंह व नसरत सहित तमाम ग्रामीण मौजूद रहे।






