दस दिन बाद भी पलिया पुलिस ने नहीं दर्ज की रिपोर्ट
- पीड़ित ने पूरनपुर के भाजपा विधायक बाबूराम पासवान से लगाई न्याय की गुहार

दस दिन बाद भी पलिया पुलिस ने नहीं दर्ज की रिपोर्ट
– पीड़ित ने पूरनपुर के भाजपा विधायक बाबूराम पासवान से लगाई न्याय की गुहार

पलियाकलां-खीरी। घटना के दस दिन बीत जाने के बाद भी पलिया पुलिस द्वारा कार्रवाई न करने से परेशान पीड़ित ने विधायक से मिलकर न्याय की गुहार लगाई है।
उल्लेखनीय है कि बीते 23 नवम्बर को पलिया नगर की पटिहन रोड पर स्थित मोहल्ला कृष्णानगर निवासी गोविन्द गुप्ता पुत्र सरजू प्रसाद गुप्ता की पत्नी प्रीति गुप्ता की जहरीला पदार्थ खाने से मौत हो गयी थी। मृतका के भाई पवन गुप्ता ने कोतवाली पुलिस को प्रार्थना पत्र देकर ससुरालियों पर अपनी बहन को जहर देकर मारने का आरोप लगाया था। पीड़ित पक्ष ने गोविन्द गुप्ता व दीप गुप्ता पुत्रगण सरजू प्रसाद गुप्ता के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई करने की मांग की थी। हालांकि अभी तक पुलिस ने मुकदमा दर्ज नहीं किया है। आज रविवार को मृतका प्रीति के पिता आनन्दपाल गुप्ता ने पूरनपुर के भाजपा विधायक बाबूराम पासवान से मिलकर अपना दुखड़ा सुनाते हुए मदद की गुहार लगाई। विधायक ने एसपी खीरी से फोन पर वार्ता कर पूरे मामले से अवगत कराया। इस पर एसपी खीरी गणेश प्रसाद साहा ने पलिया प्रभारी निरीक्षक को मुकदमा दर्ज करने का आदेश दिया है।
क्या कहते हैं कोतवाल
”महिला प्रीति गुप्ता की मौत का अभी तक स्पष्ट नहीं हो सका है। डॉक्टर द्वारा विसरा प्रिजर्व किया गया है, जिसे जांच के लिए लखनऊ भेजा गया है। मौत का कारण स्पष्ट होने पर कार्रवाई की जाएगी”
विवेक उपाध्याय ‘‘प्रभारी निरीक्षक’’ कोतवाली, पलियाकलां-खीरी





