लखीमपुर खीरी : बंजर गांव में 49वीं वाहिनी ने चलाया स्वच्छता अभियान, ग्रामीणों को किया जागरूक
जवानों और अधिकारियों ने ग्रामीणों के साथ मिलकर गांव की गलियों और सार्वजनिक स्थानों की साफ-सफाई की।


संपूर्णानगर क्षेत्र के ग्राम बंजर में स्वच्छ भारत अभियान के तहत शुक्रवार को 49वीं वाहिनी द्वारा बंजर गांव में एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम और सफाई अभियान का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम कमांडेंट शेर सिंह चौधरी के दिशा-निर्देशों पर और बी कंपनी प्रभारी गगनप्रीत सिंह के कुशल नेतृत्व में संपन्न हुआ। अभियान के दौरान वाहिनी के जवानों और अधिकारियों ने ग्रामीणों के साथ मिलकर गांव की गलियों और सार्वजनिक स्थानों की साफ-सफाई की। इस दौरान गगनप्रीत सिंह ने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि स्वच्छता केवल सरकारी अभियान नहीं, बल्कि हमारी जीवनशैली का हिस्सा होनी चाहिए। उन्होंने आगामी गर्मी के मौसम को दे
खते हुए आगाह किया कि गंदगी के कारण मच्छरों का प्रकोप बढ़ता है, जिससे मलेरिया और डेंगू जैसी गंभीर बीमारियों का खतरा पैदा होता है।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य न केवल सफाई करना था, बल्कि ग्रामीणों में राष्ट्रीय एकता और अखंडता की भावना भरना भी था। ग्रामीणों को बताया गया कि एक स्वच्छ गांव ही एक समृद्ध और एकजुट भारत की नींव है।
सफाई अभियान में स्थानीय नागरिकों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। वाहिनी के अधिकारियों ने विस्तार से समझाया कि कैसे छोटी-छोटी सावधानियां बरतकर हम अपने परिवेश को बीमारी मुक्त रख सकते हैं। कार्यक्रम के अंत में ग्रामीणों ने अपने आसपास के क्षेत्र को स्वच्छ बनाए रखने और दूसरों को भी प्रेरित करने का संकल्प लिया।





