पलिया बजाज चीनी मिल से निकल रहे गंदे पानी से ग्रामीण परेशान
- गन्दे व बदबूदार पानी से जानलेवा बीमारियां फैलने की आशंका, बीसियों साल से नर्क की जिन्दगी जीते चले आ रहे ग्रामीण, चीनी मिल पर नहीं हो रही कोई कार्रवाई

पलिया बजाज चीनी मिल से निकल रहे गंदे पानी से ग्रामीण परेशान
– गन्दे व बदबूदार पानी से जानलेवा बीमारियां फैलने की आशंका
– बीसियों साल से नर्क की जिन्दगी जीते चले आ रहे ग्रामीण, चीनी मिल पर नहीं हो रही कोई कार्रवाई
(निर्जेश मिश्र)

पलियाकलां-खीरी। पलिया की बजाज चीनी मिल से बह रहा गन्दा और बदबूदार पानी क्षेत्र के ग्राम छोटी पलिया, खैरहना, अतरिया, बड़ा गांव एवं पतवारा के ग्रामीणों के लिए जानलेवा बना हुआ है। कई बार ग्रामीणों ने इसकी शिकायत सम्बन्धित अधिकारियों से भी की, लेकिन अभी तक मिल प्रबन्धन के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं हो सकी। इन गांवों के लोगों का कहना है कि चीनी मिल से गंधक, पारा कैल्शियम तथा शीरायुक्त बदबूदार गंदा पानी छोड़े जाने से हम लोगों का गांव में रहना दूभर हो रहा है। मिल प्रबन्धन पानी के निकास के लिए कोई सटीक बन्दोबस्त नहीं कर रहा है। इन गांवों में स्थित तालाबों /जलाशय में विचरण करने वाले जीव जंतुओं की अकाल मृत्यु हो रही है। इसके अलावा ग्रामीणों के जानवर भी कभी-कभी अचानक तालाबों में पानी पीने के लिए पहुंच जाते हैं। विषैले पानी को पीने से वह अस्थमा, चर्म एवं नेत्र रोग सहित तमाम गंभीर बीमारियों से ग्रसित हो जाते हैं। अन्त में मौत ही उनका एक विकल्प रह जाता है। पता नहीं सम्बन्धित अधिकारी क्यों मौन धारण किए हुए हैं। इस मौन वृत से स्पष्ट हो रहा है कि शासन प्रशासन की नजर में इन पूंजीपतियों के सामने गरीब और साधारण आदमी की कोई अहमियत ही नहीं है। अन्यथा बीसियों साल से जनता की इस खतरनाक और जानलेवा समस्या का समाधान कभी का हो गया होता।







