बरखेरवा में केंद्रीय मंत्री ने रखी पीएम आवास की आधारशिला
1251 लाभार्थियों को मिला पीएम आवास का लाभ, केंद्रीय मंत्री ने लाभार्थियों को बांटे आवास स्वीकृति पत्र

बरखेरवा में केंद्रीय मंत्री ने रखी पीएम आवास की आधारशिला
1251 लाभार्थियों को मिला पीएम आवास का लाभ, केंद्रीय मंत्री ने लाभार्थियों को बांटे आवास स्वीकृति पत्र

लखीमपुर-खीरी। गरीबों और वंचितों को घर मुहैया कराने के लिए प्रदेश सरकार ने एक ठोस कदम उठाया है। सरकार द्वारा आठ से दस दिसम्बर के बीच खीरी में तीन हजार पांच सौ पीएम आवासों का भूमि पूजन कराने का लक्ष्य निर्धारित किया है। यह भूमि पूजन अभियान ‘‘विकसित भारत संकल्प यात्रा’’ के अंतर्गत चलाया गया। इसी क्रम में शनिवार को नगरीय क्षेत्र लखीमपुर में 1251 परिवारों के चेहरों पर चमक आई है।
शनिवार को विकसित भारत संकल्प यात्रा के तहत पीएम आवास योजना (शहरी) के लिए केंद्रीय गृह राज्य मंत्री अजय मिश्र ‘‘टेनी’’ ने सदर विधायक योगेश वर्मा एवं एडीएम संजय सिंह के साथ लाभार्थी आलोक कुमार के प्लाट पर विधि विधान से भूमि पूजन किया। नगर के मोहल्ला बरखेरवा में आयोजित कार्यक्रम में 85 आवास बरखेरवा के भी शामिल हैं। केंद्रीय गृह राज्यमंत्री ने बरखेरवा के सभी लाभार्थियों को स्वीकृत पत्र प्रदान किए। मन्त्री श्री टेनी ने कहा कि पीएम आवास योजना के लाभार्थियों को निशुल्क घर दिया जा रहा है। केंद्र व प्रदेश सरकार समाज के हर तबके के लिए कार्य कर रही है। उनके जीवन को सुगम बनाने के लिए कई योजनाएं चला रही है। आजादी के बाद पहली बार डबल इंजन की सरकार ऐसी सभी योजनाओं का लाभ दे रही है। एडीएम संजय कुमार सिंह ने कहा कि पीएम आवास योजना के अंतर्गत ऐसे लाभार्थियों को आवास दिए जाने का प्राविधान है, जिसके पास अपना स्वयं का पक्का मकान न हो। इस योजना के तहत कुल 2.50 लाख रुपये अनुदान के रूप में दिया जाता है। पीओ डूडा डॉ अजय सिंह ने बताया यदि किसी बिचौलिये की ओर से इस योजना में किसी भी प्रकार का प्रलोभन या धनराशि की मांग की जाती है तो संबंधित लाभार्थी इसकी शिकायत डूडा कार्यालय में कर सकता है। इस मौके पर डीसीबी अध्यक्ष विनीत मनार, सांसद प्रतिनिधि अरविंद संजय, अंबरीश सिंह व जितेंद्र त्रिपाठी मौजूद रहे।







