समृद्ध भारत का आधार है परिवार की एकता व राष्ट्रप्रेम : प्रान्त संघचालक
नगर के जिला पंचायत बालिका इंटर कालेज में हुआ गोष्ठी का आयोजन

समृद्ध भारत का आधार है परिवार की एकता व राष्ट्रप्रेम : प्रान्त संघचालक
-नगर के जिला पंचायत बालिका इंटर कालेज में हुआ गोष्ठी का आयोजन


(निर्जेश मिश्र “सम्पादक”)
पलियाकला-खीरी। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ अवध प्रान्त के प्रान्त संघ चालक स्वर्ण सिंह ने कहा कि परिवार की एकता व राष्ट्रप्रेम समृद्ध भारत का आधार है।संस्कार युक्त परिवार भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है। भारत की गौरवशाली सभ्यता परिवार के वैचारिक समन्वय से ही पुष्ट होती है। वह नगर के जिला पंचायत बालिका इंटर कालेज में कुटुंब प्रबोधन पर आयोजित एक संगोष्ठी में बतौर मुख्य अतिथि बोल रहे थे।
उन्होंने कहा कि परिवार के भारतीय अध्यात्म से अभिसिंचित होने पर ही अपना देश परम वैभव पर पहुंच सकता है। मुख्य वक्ता राष्ट्रीय स्वंयसेवक संघ सीतापुर के विभाग सम्पर्क प्रमुख नीरज सिंह ने कहा कि परिवार के प्रत्येक सदस्य को भारतीय आदर्शो व मूल्यों को आत्मसात करना होगा। आज पश्चिमी सभ्यता के प्रभाव से परिवार टूट रहे हैं। भारत में वृद्ध आश्रम का बनना बड़ी चिंता का विषय है। आज हम पृथ्वी के जीवित भगवान माता-पिता की अवहेलना कर रहे हैं, यह उचित नहीं है। माता-पिता की दुआएं जीवन की दशा व दिशा बदलने में सक्षम है। इसलिए हम सभी को माता-पिता का सम्मान करना चाहिए। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ कुटुंब प्रबोधन के माध्यम से प्राचीन भारतीय पारिवारिक संस्कृति को समुन्नत करने के लिए सतत प्रयास कर रहा है। जिला सम्पर्क प्रमुख कृष्ण अवतार भाटी ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन जिला उद्योग व्यापार मंडल के जिला महामंत्री अमित महाजन ने किया। इस दौरान निरंजन लाल अग्रवाल, सलिल अग्रवाल, अनूप मिश्रा, अनिल जलालावादी, डीके श्रीवास्तव, गगन मिश्रा, अंकुर गोयल, शशि शंकर शुक्ला, सरदार राजपाल सिंह, चंद्रभान सिंह, कपिलमुनि सिंह, अभिषेक शुक्ला एवं पवित्र प्रकाश गुप्ता “सभासद” सहित नगर के तमाम गणमान्य मौजूद रहे।





