पराली जलाने पर दस किसानों पर कार्यवाही करते हुए वसूला गया जुर्माना
दोषी काश्तकारों के लॉक किए गए सट्टे, एक महीने तक नहीं मिलेंगी पर्चियां

पराली जलाने पर दस किसानों पर कार्यवाही करते हुए वसूला गया जुर्माना
– दोषी काश्तकारों के लॉक किए गए सट्टे, एक महीने तक नहीं मिलेंगी पर्चियां
– सम्बन्धित लेखपालों के विरूद्ध की जाएगी कार्रवाई: डीएम

लखीमपुर-खीरी। प्रशासन की लाख हिदायतों के बाद भी किसान खेतों में लगातार पराली जलाते चले आ रहे हैं। चोरी-छिपे पराली जलाकर किसानों ने अपने लिए एक नई समस्या पैदा कर ली। सेटेलाइट के जरिए किसानों की चोरी पकड़ी गई और रविवार को पराली जलाने के मामले गोला तहसील में पांच, मोहम्मदी में तीन, पलिया में एक एवं निघासन तहसील में एक सहित कुल 10 मामले सामने आए हैं। तहसील प्रशासन ने ताबड़तोड़ कार्यवाही करते हुए सम्बन्धित किसानों पर जुर्माना लगाते हुए कार्यवाही की है। डीएम महेंद्र बहादुर सिंह ने फसल अवशेष जलाये जाने की मामलों में सम्बन्धित अधिकारियों व कर्मचारिकयों को सचेत करते हुए अपने-अपने क्षेत्रों में पराली जलाने की घटनाओं पर पूर्ण रूप से प्रतिबन्ध लगाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि यदि पराली जलाने की एक भी घटना होती है तो उत्तरदायी अधिकारी/कर्मचारियों के विरूद्ध कठोर कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी। उन्होेंने कहा कि संबंधित एसडीएम द्वारा सीओ व थानाध्यक्षों के साथ स्वयं स्थल पर जाकर जॉच-समीक्षा की जाए। दोषियों के विरूद्ध नियमानुसार कार्यवाही करते हुए प्रभावी रोकथाम सुनिश्चित की जाए। घटनाओं पर अंकुश लगाये जाने हेतु आवश्यक है कि उत्तरदायी अधिकारी/कर्मचारियों का भी स्पष्टीकरण प्राप्त कर उनके विरूद्ध कार्यवाही सुनिश्चित की जाए। गन्ने की पराली जलाने की घटनाओं के संदर्भ में जिला गन्ना अधिकारी को अवगत कराएं।







