अब कैंसर के मरीजों को बाहर के महंगे अस्पतालों में जाकर इलाज कराने से मिलेगा छुटकारा
भीरा के वन बीट चैरिटेबल हॉस्पिटल में कैंसर सहित विभिन्न बीमारियों से ग्रसित मरीजों का होगा निःशुल्क इलाज

अब कैंसर के मरीजों को बाहर के महंगे अस्पतालों में जाकर इलाज कराने से मिलेगा छुटकारा
– भीरा के वन बीट चैरिटेबल हॉस्पिटल में कैंसर सहित विभिन्न बीमारियों से ग्रसित मरीजों का होगा निःशुल्क इलाज

(निर्जेश मिश्र)
पलियाकलां-खीरी। लखीमपुर-खीरी जिला सहित प्रदेश भर की जनता के लिए एक खुशखबरी है। वो यह कि अब कैंसर के मरीजों को लखनऊ, दिल्ली एवं बरेली आदि महानगरों के महंगे अस्पतालों में जाकर इलाज कराने से जल्द ही छुटकारा मिलने वाला है। इसके लिए तहसील क्षेत्र के भीरा-खीरी स्थित वन बीट हास्पिटल में सारी तैयारियां पूरी की जा चुकी हैं और शीघ्र ही यह सुविधा प्रारम्भ होने वाली है। इस खबर से जनता में खुशी की लहर दौड़ गई।
वन बीट चैरिटेबल हॉस्पिटल में जल्द ही कैंसर से पीड़ित महिला एवं पुरूष मरीजों के इलाज की सुविधा शुरू होने जा रही है। उल्लेखनीय है कि वन बीट चैरिटेबल हॉस्पिटल द्वारा मरीजों को विगत कई वर्षों से एम्बुलेंस, फार्मेसी, ब्लड बैंक एवं नेत्र शिविर जैसी विभिन्न प्रकार की सुविधाएं प्रदान की जा रही हैं। अब यहां सामान्य सर्जरी से लेकर स्त्री रोग, नेत्र सर्जरी, एक्स-रे, ईसीजी व लैब पैथोलॉजी सहित तमाम सुविधाएं निःशुल्क मुहैया कराई जाएंगी। जानकारी देते हुए हास्पिटल के चेयरमैन बहादुर सिंह ने बताया कि कैंसर एक ऐसी भयंकर बीमारी है, जिसकी जानकारी के अभाव की वजह से मरीजों की जान चली जाती है। उन्होंने बताया कि वर्ष दो वर्ष में हर किसी को अपनी जांच अवश्य करा लेनी चाहिए। चेयरमैन ने बताया कि गले से लेकर महिलाओं के ब्रेस्ट कैंसर, गर्भाशय, पित्ताशय, अंडकोष एवं मुंह आदि विभिन्न प्रकार के कैंसर का इलाज अस्पताल में शुरू किया जाएगा। कीमोथेरैपी जैसी सुविधाएं भी अस्पताल में मौजूद रहेंगी। बता दें कि बन वीट हास्पिटल से जनता को बड़ा लाभ मिल रहा है। आज के समय में गरीब तबके के ऐसे लोग (जो भयंकर बीमारियों का इलाज कराने में पूर्ण रूप से अक्षम हैं) उनके लिए यह अस्पताल वरदान साबित हो रहा है। वन बीट में अब तक हजारों की संख्या में मरीजों को जीवनदान मिल चुका है और वह आज अपने-अपने परिवार के साथ सुखमय जीवन व्यतीत कर रहे हैं।






