सोशल मीडिया से समाचारों को मिला एक नया कलेवर : एएसपी
एटा में यूपी वर्किंग जर्नलिस्ट यूनियन के तत्वावधान में आयोजित चार दिवसीय पुस्तक मेला में हुआ पत्रकार सम्मलेन का आयोजन

सोशल मीडिया से समाचारों को मिला एक नया कलेवर : एएसपी
– एटा में यूपी वर्किंग जर्नलिस्ट यूनियन के तत्वावधान में आयोजित चार दिवसीय पुस्तक मेला में हुआ पत्रकार सम्मलेन का आयोज

(निर्जेश मिश्र “सम्पादक”)
एटा (उ.प्र.) शहर के राजकीय इंटर काॅलेज प्रांगण में यूपी वर्किंग जर्नलिस्ट यूनियन के तत्वावधान में आठवीं बार चार दिवसीय पुस्तक मेला का आयोजन किया गया। इस अवसर पर पत्रकार सम्मलेन का भी आयोजन किया गया। पत्रकार सम्मलेन में मुख्य अतिथि के रूप में एएसपी धनंजय सिंह कुशवाहा मौजूद रहे। सम्मलेन की अध्यक्षता एटा जनपद के वयोवृद्ध पत्रकार नेत्रपाल सिंह चौहान ने की। इस अवसर पर “मीडिया बनाम सोशल मीडिया” विषय पर पत्रकारों व अभ्रान्त लोगों ने अपने-अपने विचार रखे। अमर उजाला समाचार पत्र के वरिष्ठ पत्रकार विजय मिश्रा ने कहा कि पत्रकारिता चाहे सोशल मीडिया की हो, या इलैट्रॉनिक या फिर प्रिंट मीडिया के माध्यम से क्यों न हो। सभी का उद्देश्य सिर्फ़ सत्य का उद्घाटन करना ही होना चाहिए। उन्होंने कहा कि जो समाज की बुराइयों का प्रतिकार करे, उसी को पत्रकार कहते हैं। पत्रकारिता का क्षेत्र खतरे से खाली नहीं हैं। यहां तलवार की धार पर चलकर भी सत्य को लिखना होता है। हिंदुस्तान समाचार पत्र के ब्यूरो प्रमुख शैलेंद्र उपाध्याय ने कहा कि पत्रकारिता के बदलते स्वरुप का नाम ही सोशल मीडिया है। परन्तु सोशल मीडिया की ख़बरों में विश्वसनीयता का अभाव होता है, क्योंकि वे सनसनी फैलाने के लिये जल्द से जल्द लिखकर सोशल मीडिया के माध्यम से वायरल की जाती हैं। सोशल मीडिया एक अनियंत्रित मीडिया है। आज तक न्यूज़ चैनल के संवाददाता देवेश पाल सिंह ने कहा कि आज मीडिया के बदलते परिवेश में सोशल मीडिया एक चुनौती बनकर उभरा है। ख़बरों को जल्दबाजी में देने के चक्कर में इससे कुछ गलतियां भी हों जातीं हैं और समाज में भ्रम की स्थिति उत्पन्न हो जाती है। पत्रकार की जिंदगी में आर्थिक समस्या भी बहुत है और जान माल का खतरा भी बना रहता है। मेला संयोजक संजीव यादव ने कहा कि पुराने दौर की प्रभास जोशी और रूसी करंजिया जैसी पत्रकारिता अब देखने को नहीं मिलती है। लेकिन सोशल मीडिया ने सूचना के प्रवाह को बहुत सुगम बना दिया है। जिससे बहुत कम समय में किसी भी खबर का प्रचार प्रसार हो जाता है। सम्मेलन के मुख्य अतिथि एएसपी धनंजय सिंह कुशवाह ने कहा कि सोशल मीडिया से ख़बरों को नया कलेवर मिला है। अभी तक की जानकारी के मुताबिक सोशल मीडिया अपना काम बहुत सटीक तरह से कर रहा है। कहा कि मेरे विचार से सोशल मीडिया से प्रिंट और इलेक्रॉनिक मीडिया को कोई खतरा नहीं है। ये भी पत्रकारिता से जुड़कर ही काम करता है। संयोजक एवं यूपी वर्किंग जर्नलिस्ट यूनियन के जिला अध्यक्ष एबीपी न्यूज़ के वरिष्ठ पत्रकार राकेश भदौरिया ने कहा कि सोशल मीडिया से प्रिंट और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के अस्तित्व का ही खतरा पैदा हो गया है। पूर्व में मीडिया की खास धाक रहती थी। शासन प्रशासन में दवाब रहता था। अब तो जो खबर अखवार या चैनल पर नहीं दिखती, वह खबर सोशल मीडिया पर ही ट्रेंड करने लगती हैं। राकेश भदौरिया ने मुख्य अतिथि सहित मंचासीन समस्त पत्रकारों का बुके भेंट करते हुए फूलों की मालाओं से स्वागत कर शाल उढ़ाकर सम्मानित किया। इसी क्रम में उत्तर प्रदेश फुटबाल टीम के कोच अनूप दुबे व राजीव यादव “बॉबी” ने मुख्य अतिथि को पुस्तक मेले का स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। इस दौरान मोहसिन मलिक, शाहिल खां,मोहम्मद वारिस,अनिल वार्ष्णेय, अमन यादव, तारिक़, राकेश कश्यप, ज्ञानेंद्र रावत, अकरम खान,शैलेन्द्र व अमित कुमार सहित सैकड़ो लोग मौजूद रहे।






