थाना सेहरामऊ उत्तरी क्षेत्र के कुर्रैया खुर्द में लाखों की चोरी
पीड़ित ने पुलिस को प्रार्थना पत्र देकर की कार्रवाई करने की मांग

थाना सेहरामऊ उत्तरी क्षेत्र के कुर्रैया खुर्द में लाखों की चोरी
पीड़ित ने पुलिस को प्रार्थना पत्र देकर की कार्रवाई करने की मांग


(निर्जेश मिश्र “सम्पादक”)
पूरनपुर (पीलीभीत)। बड़ौदा उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक के ग्राहक सेवा केन्द्र संचालक के घर से चोरों ने लाखों की नकदी एवं जेवर पर हाथ साफ कर दिया। पीड़ित ने पुलिस को प्रार्थना पत्र देकर मौका मुआयना करते हुए चोरी का खुलासा करने की मांग की है। घटना बीती 30 मई की रात की है। पीलीभीत जिला की पूरनपुर तहसील क्षेत्र के थाना सेहरामऊ (उत्तरी) के ग्राम कुर्रैया खुर्द निवासी सुदेश शुक्ला उर्फ नीरज शुक्ला पुत्र रामप्रकाश शुक्ला के घर में लगभग 12:00 बजे घुसे चोरों ने दो बक्से चोरी कर लिए, जिसमें दो लाख रूपये की नकदी, तीन सोने की अंगूठी, एक सोने का पैंडिल, एक मंगलसूत्र सहित अन्य जरूरी कागजात व कपड़े आदि रखे थे। नीरज शुक्ला ने बताया कि जब वह सुबह चार बजे जागे तो देखा कि कमरा खुला हुआ है। कमरे के अन्दर जाकर देखा तो नकदी व जेवर रखे दोनों बक्से गायब थे। चोरों का काफी पता लगाया गया, लेकिन कोई सुराग नहीं लग सका। नीरज शुक्ला के मुख्य गेट पर लगे सीसीटीवी में चोरों की फुटेज भी कैद हुई है। नीरज शुक्ला के घर हुई बड़ी चोरी क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है। इस सम्बन्ध में जानकारी लेने पर सेहरामऊ (उत्तरी) थानाध्यक्ष संजय कुमार ने बताया कि चोरी की सूचना प्राप्त होने पर मौका मुआयना किया गया है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर कार्रवाई जारी है। पुलिस टीम द्वारा जल्द ही घटना के खुलासे का प्रयास किया जा रहा है।





