लखीमपुर खीरी : विश्व पर्यावरण दिवस पर पिता-पुत्र की पहल
सम्पूर्णा नगर के डॉ0 आई ए खान और दानियाल ने बांटे और लगाए आम के पौधे


लखीमपुर खीरी के सम्पूर्णा नगर में विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर एक अनूठी पहल की गई। समाजसेवी डॉ. आई.ए. खान और उनके पुत्र दानियाल खान ने क्षेत्र में आम के कई दर्जन पौधे वितरित किए और लगाए।

दानियाल खान, जो केंद्रीय विद्यालय में कक्षा 8 के छात्र हैं, अपने पिता के साथ पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। डॉ. खान का परिवार अब तक क्षेत्र में हजारों पौधे लगा चुका है। वे नियमित रूप से लोगों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करते रहते हैं।

इस अवसर पर डॉ. खान और दानियाल ने पेड़-पौधों के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि पौधे ही हमारे जीवन का आधार हैं। वर्तमान में बढ़ती गर्मी का एक प्रमुख कारण वृक्षों की अंधाधुंध कटाई है। कोरोनाकाल में ऑक्सीजन की कमी से हुई त्रासदी का उदाहरण देते हुए उन्होंने वृक्षों के महत्व को रेखांकित किया।

डॉ. खान ने लोगों से आह्वान किया कि वृक्षों को काटकर घरों में मनी प्लांट लगाने की प्रवृत्ति को बदलना होगा। उन्होंने कहा कि विश्व के प्रत्येक व्यक्ति को पर्यावरण संरक्षण पर गंभीरता से विचार करना चाहिए।





