लखीमपुर खीरी : एसएसबी की 49वीं वाहिनी ने शहीद वीरेंद्र लाल को उनके जन्मदिवस पर दी भावभीनी श्रद्धांजलि
शहीद वीरेंद्र लाल (जन्म: 10/02/1984) की स्मृति में मोंटेसरी पब्लिक स्कूल, कमलापुरी के सहयोग से एक भव्य जागरूकता रैली निकाली गई


संपूर्णानगर क्षेत्र के कमलापुरी सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की 49वीं वाहिनी द्वारा शहीद वीरेंद्र लाल, आरक्षी (सामान्य) के जन्मदिवस के अवसर पर विभिन्न देशभक्ति और खेलकूद कार्यक्रमों का गरिमामय आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम 49वीं वाहिनी के कमांडेंट शेर सिंह चौधरी के कुशल निर्देशन एवं ‘जी’ समवाय कमलापुरी के प्रभारी निरीक्षक (सा.) रविंद्र सिंह के नेतृत्व में संपन्न हुआ। शहीद वीरेंद्र लाल (जन्म: 10/02/1984) की स्मृति में मोंटेसरी पब्लिक स्कूल, कमलापुरी के सहयोग से एक भव्य जागरूकता रैली निकाली गई। रैली में स्कूल के अध्यापकगण और छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस दौरान स्वर्गीय वीरेंद्र लाल जी अमर रहें और अन्य देशभक्ति नारों के माध्यम से शहीद के बलिदान को नमन किया गया और ग्रामीणों में राष्ट्रप्रेम की भावना का संचार किया गया।

शहीद की याद में खेल भावना और अनुशासन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से एसएसबी द्वारा एक वॉलीबॉल मैच का आयोजन किया गया। इस मैच में ‘जी’ समवाय के जवानों और स्थानीय ग्रामीण युवकों ने अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया। एसएसबी अधिकारियों ने बताया कि ऐसे आयोजनों का मुख्य उद्देश्य सीमावर्ती क्षेत्र के युवाओं को मुख्यधारा से जोड़ना और उनमें अनुशासन विकसित करना है।
कार्यक्रम के समापन पर शहीद को पुष्पांजलि अर्पित की गई। उपस्थित ग्रामीणों और गणमान्य नागरिकों ने एसएसबी के इस प्रयास की सराहना की और भविष्य में भी सामाजिक, शैक्षिक तथा खेलकूद संबंधी गतिविधियों को निरंतर जारी रखने का आग्रह किया।





