बाल बंदियों को रोस्टर के अनुसार दें गुणवत्तापरक नाश्ता व भोजन : जिला जज
बाल बंदियों को रोस्टर के अनुसार दें गुणवत्तापरक

बाल बंदियों को रोस्टर के अनुसार दें गुणवत्तापरक नाश्ता व भोजन : जिला जज
बंदियों को पढ़ाई के साथ-साथ कढ़ाई, सिलाई व मैकेनिकल प्रशिक्षण देने पर जिलाधिकारी ने दिया जोर

( मिश्र ‘‘सम्पादक’’)
हरदोई। जिला जज राजकुमार सिंह ने जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह एवं पुलिस अधीक्षक केसी गोस्वामी के साथ राजकीय बाल संप्रेक्षण गृह एवं जिला कारागार का सघन निरीक्षण किया।
निरीक्षण दौरान जिला जज ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बाल बंदियों के कमरों एवं रसोई में विशेष सफाई व्यवस्था रखी जाए। बाल बंदियों को रोस्टर के अनुसार गुणवत्ता परक नाश्ता व भोजन समय पर दिया जाए। सर्दी के मौसम को ध्यान में रखते हुए बाल बंदियों के लिए मोटे रजाई एवं गद्दे की व्यवस्था कराई जाये। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिये कि बाल बंदियों को पढ़ाई के साथ कढ़ाई, सिलाई व मैकेनिकल आदि का प्रशिक्षण भी दिया जाए। कहा कि दिन में बालीबाल, टेबिल टेनिस, शतरंज व बैटमिंटन आदि खेल भी कराएं, ताकि वह मानसिक एवं शारीरिक रूप से फिट रहें। जिला कारागार के निरीक्षण में जिला जज, डीएम व एसपी ने सभी बैरकों में बंद कैदियों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं के बारे में जानकारी ली। जिला जज ने बंदियों से कहा कि जिनके पास मुकदमें के लिए वकील नहीं है, सरकार द्वारा उन्हें वकील की व्यवस्था कराई जायेगी। उन्होंने जेल अधीक्षक से कहा कि बीमार कैदियों का नियमित परीक्षण कराने के साथ-साथ उचित दवायें उपलब्ध करायें और सर्दी को ध्यान में रखते हुए बंदियों के लिए उचित व्यवस्था करायें। महिला बैरक के निरीक्षण में जिला जज ने जेल अधीक्षक से कहा कि जिन महिलाओं के साथ बच्चे हैं, उनके बच्चों को फल एवं दूध की व्यवस्था नियमित करायें। इस दौरान सचिव विधिक प्राधिकरण एवं जिला सूचना अधिकारी संतोष कुमार आदि उपस्थित रहे।






