विकास खण्ड पालिया की ग्राम पंचायतों में हुआ एंटी लार्वा दवाओं का छिड़काव, ग्राम प्रधान एवं सचिव ने बताये संक्रामक रोगों से बचाव के उपाय… उथले नलों को छोड़ इण्डिया मार्क 2 हैण्डपम्पों का पानी पीने की अपील

पलियाकलाँ-खीरी।बाढ़ का पानी घटते ही विकास खण्ड पलिया की ग्राम पंचायतों कमलापुरी में प्रधान श्री गुरबाज सिंह, भानपुरी में प्रधान श्री प्रभुनाथ एवं गोविंदनगर में प्रधान श्रीमती शारदा देवी की देखरेख एवं ग्राम विकास अधिकारी श्री विनीत बरनवाल के निर्देशन में संचारी एवं संक्रामक रोगों से बचाव हेतु एंटी लार्वा दवाओं का छिड़काव किया गया। इसी क्रम में सभी उथले हैंडपंपो को चिन्हित करते हुये उनपर लाल पेण्ट से क्रॉस का चिन्ह लगाते हुये ग्राम प्रधानों द्वारा लोगों को बताया गया कि कम गहराई में लगे इन उथले हैंडपम्पों का पानी पीने से बाढ़ जनित बीमारियों का खतरा है जिसके बचाव हेतु इण्डिया मार्क 2 हैंडपम्पों के पानी का प्रयोग करें, जोकि पीने व स्नान आदि के लिये उपयुक्त है। उत्तर प्रदेश शासन की जनकल्याणकारीनीतियों के अनुक्रम में खण्ड विकास अधिकारी श्रीमती संगीता यादव जी के निर्देशानुसार बाढ़ का पानी घटते ही ग्रामीणों के स्वास्थ्य एवं सुरक्षा के दृष्टिगत संक्रामक रोगों से बचाव हेतु दवा छिड़काव के निर्देश दिये गये हैं। संक्रामक रोगों के बारे में बतलाते हुये कहा कि संक्रामक रोग हानिकारक जीवों रोगजनकों के कारण होने वाली बीमारियाँ हैं जो बाहर से प्रदूषित जल, भोजन या अन्य वातावरण के माध्यम से शरीर में प्रवेश करते हैं, संक्रमण से बचने हेतु सभी को सूखे व गीले कचरे का समुचित निस्तारण करना चाहिये, बार बार साबुन और पानी से हाथ धोते रहें, निजी स्वच्छता से जुड़ी अच्छी आदतें अपनाये, संक्रमित व्यक्ति से जुड़े स्थानों को साफ़ रखें व संपर्क से बचें, टीकाकरण करवाये,पतले दस्त लगने जैसे लक्षणों का ध्यान रखें,खाद्य सुरक्षा के बारे में जागरूक रहें व अपने पास पड़ोसियों को भी जागरूक करें, आपात स्थिति में तत्काल चिकित्सकीय सहायता प्राप्त करें।











