आधार सेंटर संचालक पर मुकदमा दर्ज होने के बाद भी लीपापोती में जुटी पूरनपुर पुलिस
पत्रकारों और जनता से बदसलूकी करने वाले आधार केन्द्र संचालक का सेंटर निरस्त कर की जाए गिरफ्तारी : सारथी

आधार सेंटर संचालक पर मुकदमा दर्ज होने के बाद भी लीपापोती में जुटी पूरनपुर पुलिस
– पत्रकारों और जनता से बदसलूकी करने वाले आधार केन्द्र संचालक का सेंटर निरस्त कर की जाए गिरफ्तारी : सारथी

(निर्जेश मिश्र “सम्पादक”)
सावधान इण्डिया न्यूज, पीलीभीत। पत्रकार हितों की लड़ाई में अग्रिम भूमिका निभाने वाले ऐप्जा (आल इंडियन प्रेस जर्नलिस्ट एसोसिएशन) के चीफ कोआर्डिनेटर अनुराग सारथी ने कहा कि भ्रष्टाचार करने और उनकी हौसला आफजाई करने वालों के खिलाफ पूरे प्रदेश में अभियान छेड़कर डीएम और एसपी को चिट्ठी लिखी जाएगी। वह पूरनपुर में आयोजित एक प्रेसवार्ता के दौरान बोल रहे थे।
उल्लेखनीय है कि पूरनपुर बीएसएनएल ऑफिस में चल रहे आधार सेंटर पर हो रहे भ्रष्टाचार एवं धन उगाही की शिकायतें मिलने पर एक हिंदी दैनिक समाचार पत्र के जिला संवाददाता सबलू खा द्वारा एक समाचार प्रकाशित किया गया था। प्रकाशित की गई खबर से तिलमिलाए आधार सेंटर संचालक विशाल सेठी ने उक्त पत्रकार को फोन पर धमकाते हुए गाली गलौज किया था। मामले की प्राथमिकी दर्ज न करने के कारण पूरनपुर कोतवाल के रवैए से क्षुब्ध प्रदेश के सबसे बड़े पत्रकार संगठन ऐप्जा (आल इंडियन प्रेस जर्नलिस्ट एसोसिएशन) के चीफ कोऑर्डिनेटर अनुराग एम सारथी ने लखनऊ सहित विभिन्न जनपदों के सैकड़ों क्षेत्रीय पत्रकार साथियों के साथ पूरनपुर कोतवाली पहुंचकर विरोध दर्ज कराया था। काफी जद्दोजहद के बाद दर्ज किए गए मुकदमें में भी अभी तक सिर्फ लीपापोती ही चल रही है। पूरनपुर पुलिस के उक्त रवैए से क्षुब्ध श्री सारथी ने प्रेसवार्ता करते हुए आधार सेंटर को निरस्त करने एवं सेंटर संचालक की गिरफ्तारी के लिए डीएम व एसपी को चिट्ठी लिखकर भ्रष्टाचार करने एवं भ्रष्टाचारियों की हौसला आफजाई करने वालों के खिलाफ अभियान छेड़ने की बात कही। श्री सारथी ने कहा कि जहां एक ओर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सजग रहकर अपनी प्रतिबद्धता जाहिर करते हुए पत्रकारों की सुरक्षा और सम्मान की चिंता करते हुए नहीं थकते, वहीं दूसरी ओर कुछ भ्रष्ट लोग प्रशासनिक मिलीभगत के चलते लोकतंत्र के चौथे स्तम्भ कहे जाने वाले पत्रकारों को धमकाने और अपमानित करने से बाज नहीं आ रहे हैं। पूरनपुर के पत्रकार के साथ भी कुछ ऐसा ही घटित हुआ। आधार सेंटर के भ्रष्टाचार की खबर प्रकाशित करने पर आधार सेंटर का कथित संचालक हमारे साथी पत्रकार को धमकाता है, अपमानित करता है। पत्रकार द्वारा 17 जुलाई को लिखित सूचना इंस्पेक्टर पूरनपुर को दिए जाने के बावजूद प्राथमिकी तो दर्ज नहीं की गई अपितु इंस्पेक्टर द्वारा भ्रष्टाचार को संरक्षण देते हुए उल्टे पत्रकार साथी को ही डराने धमकाने का अशोभनीय कृत्य किया गया। उन्होंने बताया कि जब एक वरिष्ठ पत्रकार की प्राथमिकी एक सप्ताह तक दर्ज नहीं की गई तब मजबूरन तमाम पत्रकार साथियों को कोतवाली में इकट्ठा होना पड़ा। काफी जद्दोजहद के बाद जब 24 जुलाई को प्राथमिकी दर्ज हो पाई तो आम आदमी का क्या हाल होता होगा। उन्होंने कहा कि यदि अति शीघ्र आधार सेंटर संचालक के खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई तो जल्द ही हजारों पत्रकार साथी पीलीभीत जिला मुख्यालय पर इकट्ठा होकर डीएम व एसपी से मिलकर आधार सेंटर को निरस्त कराने एवं संचालक की गिरफ्तारी हेतु अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन शुरू कर देंगे।





