सेहरामऊ में यात्रियों ने एक सप्ताह में की पैसेंजर ट्रेनों के संचालन की मांग
स्टेशन मास्टर ने ज्ञापन लेने से किया इंकार, आक्रोशित यात्रियों ने किया विरोध प्रदर्शन

सेहरामऊ में यात्रियों ने एक सप्ताह में की पैसेंजर ट्रेनों के संचालन की मांग
– स्टेशन मास्टर ने ज्ञापन लेने से किया इंकार, आक्रोशित यात्रियों ने किया विरोध प्रदर्शन

(निर्जेश मिश्र “सम्पादक”)
जोगराजपुर (पीलीभीत)। पैसेंजर ट्रेनों का संचालन एवं स्टेशन का नाम परिवर्तित कराने के लिए सेहरामऊ रेलवे स्टेशन पर जमकर विरोध प्रदर्शन किया गया। बता दें कि सात साल बीत जाने एवं अमान परिवर्तन हो जाने के बाद भी अब तक मैलानी-पीलीभीत रूट पर पैसेंजर ट्रेनों का संचालन शुरू नहीं हो सका। विगत सात वर्षों से पैसेंजर ट्रेनों का संचालन बंद होने के कारण क्षेत्र की जनता को तमाम परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। क्षेत्र की जनता आज भी जिला मुख्यालय से प्रथक है, जबकि इसी रेल लाइन से प्रतिदिन एक्सप्रेस व माल गाड़ियों का संचालन निरन्तर हो रहा है, लेकिन रेल विभाग के अधिकारी सवारी गाड़ियों का संचालन शुरू नहीं करा रहे हैं। इस समस्या को लेकर बड़ी संख्या में क्षेत्रीय जनता ने प्रदर्शन करते हुए पैसेंजर ट्रेनों के संचालन की मांग की। साथ ही यहां की जनता ने स्टेशन का नाम सेहरामऊ से बदलकर जोगराजपुर करने की भी मांग की है, क्योंकि इस रेलवे स्टेशन का सेहरामऊ सिर्फ नाम ही है, जबकि यह स्टेशन ग्राम जोगराजपुर में स्थित है। मित्रों यहां पर गांव मेरा और नाम तेरा वाली कहावत चरितार्थ हो रही है। हालांकि सभी यात्रियों ने स्टेशन मास्टर को एक ज्ञापन देने का भी प्रयास किया, लेकिन उन्होंने ज्ञापन लेने से इंकार कर दिया। जिससे आक्रोशित यात्रियों ने विरोध प्रदर्शन किया और फोन के माध्यम से मामले की शिकायत रेल विभाग के उच्चाधिकारियों से की। जनता का कहना है कि इसी रेल लाइन पर जब लखनऊ से बरेली तक एक्सप्रेस व मालगाड़ी ट्रेनों का संचालन हो सकता है तो पैसेंजर ट्रेनों का क्यों नहीं। मांग की गयी है कि यदि एक सप्ताह में पैसेंजर ट्रेनों का संचालन शुरू नहीं किया गया तो क्षेत्र की जनता चुप नहीं बैठेगी। इस दौरान संजीव शुक्ला, मनीष त्रिपाठी, राहुल गुप्ता, प्रभास मिश्रा, दिनेश श्रीवास्तव, ठाकुर प्रतिपाल सिंह, राजेश त्रिपाठी, अजय पाल वर्मा, राजेश गुप्ता रामकिशोर, तुलाराम, रविंद्र कुमार, छोटेलाल व चेतराम सहित तमाम लोग मौजूद रहे।





