राजनीतिक दलों के साथ आयोजित बैठक में डीएम ने बताए चुनाव के कायदे कानून
- आदर्श आचार संहिता का अनुपालन और दैनिक खर्च को व्यय लेखा में अंकन करें राजनैतिक दल : डीएम

राजनीतिक दलों के साथ आयोजित बैठक में डीएम ने बताए चुनाव के कायदे कानून
– आदर्श आचार संहिता का अनुपालन और दैनिक खर्च को व्यय लेखा में अंकन करें राजनैतिक दल : डीएम

लखीमपुर-खीरी। लोकसभा चुनाव को स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शान्तिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने तथा राजनैतिक दलों को व्यय के अनुवीक्षण से सम्बन्धित सभी प्रावधानों से अवगत कराने के उद्देश्य से मंगलवार को डीएम महेंद्र बहादुर सिंह ने कलेक्ट्रेट सभागार में राजनीतिक दलों के साथ बैठक की। बैठक में आयोग की ओर से व्यय मद की दरों के बारे में दिए गए निर्देशों की जानकारी दी।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए डीएम महेंद्र बहादुर सिंह ने कहा कि व्यय लेखा राजनैतिक दलों के चुनाव खर्च की पारदर्शिता को दर्शाता है। सभी राजनैतिक दल दैनिक खर्च होने वाली रकम का मदवार व्यय लेखा में अंकन करें, ताकि जांच के समय किसी प्रकार की दिक्कत न हो। ऐसा करके आयोग की जवाबदेही से भी बच सकते हैं। उन्होंने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को आदर्श आचार संहिता और निर्वाचन व्यय अनुवीक्षण के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। सीडीओ अनिल कुमार सिंह ने निर्वाचन अवधि के दौरान वाहनों व रैलियों की अनुमति की प्रक्रिया तथा इस संबंध में भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों से भी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को अवगत कराया। डिप्टी डीईओ/एडीएम संजय कुमार सिंह ने कहा कि निर्वाचन आयोग की गाइडलाइन के अनुसार राजनीतिक दलों को प्रचार वाहनों, चुनाव कार्यालय, सभा आदि के लिए अनुमति लेना जरूरी है। वाहनों के कागज वैध होने चाहिए। नामांकन प्रक्रिया से लेकर मतगणना तक होने वाले कार्यों का लेखा-जोखा भी देंगे। समय-समय पर उसका सक्षम अधिकारी की ओर से मिलान किया जाएगा। प्रभारी अधिकारी व्यय अनुवीक्षण/ वरिष्ठ कोषाधिकारी अमित कुमार राय ने आदर्श आचार संहिता, नामांकन प्रक्रिया व व्यय लेखा के बारे में राजनैतिक दलों को विस्तार से जानकारी दी। बैठक में एसडीएम रेनू मिश्रा एवं सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी तौसीफ अहमद सहित अन्य संबंधित जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।






