
आग लगने से दो गांवों के पांच घर जलकर राख

पलियाकलां-खीरी। मझगईं थाना क्षेत्र के दो गांवों में अचानक आग लग गई। आग से दो गांवों के कुल पांच घर जलकर खाक हो गए। ग्राम छेदुईपतिया निवासी शिवपूजन के घर में लगी अचानक आग से उनका घर जलकर राख हो गया। घर में लिंटर डालने के लिए रखे डेढ़ लाख रूपये की नकदी समेत लगभग साढ़े तीन लाख का नुकसान हो गया। इसके अलावा अन्य ग्रामीणों का लाखों का नुकसान हो गया। आग की सूचना मिलते ही राजस्व निरीक्षक शंकरलाल राना व लेखपाल अभिषेक राठौर मौके पर पहुंच गए। उन्होंने अग्निपीड़ितों के लिए भोजन और तिरपाल की व्यवस्था कराई। राजस्व निरीक्षक ने बताया कि आग लगने की सूचना मिलते ही उन्होंने अग्निपीड़ितों का सर्वे करके रिपोर्ट भेज दी है। सभी अग्निपीड़ितों को सहायता के तौर पर उचित मुआवजा दिलाया जाएगा। इस मौके पर प्रधानपति रोशनलाल, बीडीसी शारदा प्रसाद मौर्य, सुबोध निषाद व गुड्डू मौर्य सहित तमाम लोग मौजूद रहे।






