सशस्त्र सेना झंडा दिवस के अवसर पर डीएम ने किया सैनिक स्मारिका का विमोचन
सशस्त्र सेना झंडा दिवस के अवसर पर डीएम ने किया सैनिक स्मारिका का विमोचन

सशस्त्र सेना झंडा दिवस के अवसर पर डीएम ने किया सैनिक स्मारिका का विमोचन

लखीमपुर-खीरी। सशस्त्र सेना झंडा दिवस के अवसर पर कलेक्ट्रेट में जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास अधिकारी विंग कमांडर धनंजय प्रसाद सिंह ने डीएम महेंद्र बहादुर सिंह से भेंटकर सशस्त्र सेना झंडा दिवस का प्रतीक ध्वज लगाते हुए प्रतीक चिन्ह भेंट भी किया।
डीएम महेंद्र बहादुर सिंह ने भारतीय सशस्त्र सेना झंडा दिवस पर वीर जवानों और उनके परिजनों को हृदय से प्रणाम करते हुए कहा कि देश एवं देशवासियों की रक्षा के लिए अपने प्राणों को न्यौछावर करने वाले वीरों के परिवारों के कल्याण हेतु सहयोग करने का यह दिन है। मां भारती के गौरव एवं सम्मान की रक्षा करते हुए प्राणोत्सर्ग करने वाले शहीदों के आश्रितों एवं परिजनों व दिव्यांग सैनिकों तथा पूर्व सैनिकों के कल्याण के इस पुनीत कार्य में हम सभी योगदान दें। आज मैं देश के वीर जवानों और उनके परिजनों को प्रणाम करता हूं। जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास अधिकारी विंग कमांडर धनंजय प्रसाद सिंह ने बताया कि भारतीय सशस्त्र सेनाओं के सैनिक देश की रक्षा, आंतरिक सुरक्षा और प्राकृतिक आपदाओं के कारण कर्तव्य पालन करते हुए वीरगति को प्राप्त हो जाते हैं। इन सैनिकों को स्मरण करने, सम्मान देने तथा देश के नागरिकों द्वारा सैनिकों के प्रति सम्मान भाव प्रकट करने के लिए प्रतिवर्ष 07 दिसंबर को सशस्त्र सेना झंडा दिवस मनाया जाता है। उन्होंने बताया कि सशस्त्र सेना झंडा दिवस के अवसर पर मोटर वाहनों में लगने वाले कार ध्वज तथा प्रतीक ध्वज वितरित किए जाते हैं। वितरण के दौरान संग्रहित राशि से शहीद सैनिकों के आश्रित परिजनों, दिव्यांग सैनिकों, पूर्व सैनिकों, सेवारत सैनिकों और उनके आश्रितों के कल्याण व पुनर्वास से संबंधित आर्थिक सहायता योजनाएं संचालित की जाती हैं।






