विभिन्न खतरनाक और जानलेवा बीमारिययों का जन्मदाता है पलिया बजाज चीनी मिल से निकल रहा गन्दा बदबूदार पानी
- सरकार सपा, बसपा, कांग्रेस या फिर भाजपा की ही क्यों न हो, बजाज ग्रुप किसी भी तरह से आपकी जिन्दगी से खिलवाड़ करे, चुपचाप सहो, कुछ भी न कहो

विभिन्न खतरनाक और जानलेवा बीमारिययों का जन्मदाता है पलिया बजाज चीनी मिल से निकल रहा गन्दा बदबूदार पानी

– सरकार सपा, बसपा, कांग्रेस या फिर भाजपा की ही क्यों न हो, बजाज ग्रुप किसी भी तरह से आपकी जिन्दगी से खिलवाड़ करे, चुपचाप सहो, कुछ भी न कहो

(निर्जेश मिश्र)
पलियाकलां-खीरी। बजाज चीनी मिल से बह रहा गन्दा व बदबूदार पानी विभिन्न प्रकार की खतरनाक और जानलेवा बीमारियों का जन्मदाता है। जनता हमेशा से आवाज उठाती चली आ रही है, लेकिन हमेशा उसकी आवाज को दबा दिया जाता है और पलिया के बजाज चीनी मिल प्रबन्धन के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की जाती है। पूर्व में जनता का कहना था कि इस समय सपा सरकार का चीनी मिल प्रबन्धन को संरक्षण मिला हुआ है। इस वजह से हम लोगों की समस्याओं का कोई समाधान नहीं किया जा रहा है। जनता को यह उम्मीद थी कि शायद भाजपा सरकार में इस समस्या का समाधान कराया जाए। परन्तु भाजपा सरकार में भी जनता की इस जटिल समस्या का समाधान नहीं हो पा रहा है। कहने का मतलब यह है कि सरकार चाहें सपा, बसपा और कांग्रेस की हो या फिर भाजपा की। बजाज चीनी मिल के खिलाफ कोई सरकार कार्रवाई नहीं करने वाली। आपको और आपके जानवरों को बीमारी कोई भी और कितनी भी खतरनाक हो, लेकिन चीनी मिल के खिलाफ आवाज मत उठाओ। मिल प्रबन्धन जो भी कर रहा है, करने दो। कई बार ग्रामीणों ने इसकी शिकायत सम्बन्धित अधिकारियों से की, लेकिन अभी तक मिल प्रबन्धन के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं हो सकी। लोगों का कहना है कि चीनी मिल से गंधक, पारा कैल्शियम तथा शीरायुक्त बदबूदार गंदा पानी छोड़े जाने से हम लोगों का गांवों में रहना दूभर हो चुका है। मिल प्रबन्धन पानी के निकास के लिए कोई सटीक बन्दोबस्त नहीं कर रहा है। यहां तक कि गांवों में स्थित तालाबों में विचरण करने वाले जीव जंतुओं की भी अकाल मृत्यु हो रही है। इसके अलावा ग्रामीणों के जानवर भी तालाबों के विषैले पानी को पीने से अस्थमा, चर्म एवं नेत्र रोग सहित तमाम गंभीर बीमारियों से ग्रसित हो जाते हैं। कुल मिलाकर किसान हो या फिर आम आदमी, बजाज चीनी मिल के शोषण से सभी परेशान हैं। पलिया नगर से बाहर निकलते ही गन्दे और जहरीले पानी की बदबू आने लगती है। सोचिए कि जब सड़क से निकलने में भयंकर बदबू आती है, तो उन ग्रामीणों का क्या हाल होता होगा, जिनके गांवों के पास से गन्दा, बदबूदार और जहरील पानी बह रहा है। मजेदार बात तो यह है कि स्थानीय अधिकारी भी ग्रामीणों की इस समस्या से पूर्ण रूपेण अवगत हैं। परन्तु सब कुछ जानते हुए भी वह मौन धारण किए हुए हैं। इसको लेकर जनता में खासा रोष व्याप्त है।







