लखीमपुर खीरी : पुलिस लाइन्स में धूमधाम से मनाई गई गांधी व शास्त्री जयंती, उत्कृष्ट सेवा पदक से सम्मानित हुए पुलिसकर्मी
गांधी-शास्त्री जयंती पर खीरी पुलिस लाइन्स में कार्यक्रम: उत्कृष्ट सेवा पदक और चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों को बांटे कंबल


लखीमपुर खीरी। गांधी जयंती व शास्त्री जयंती के अवसर पर पुलिस लाइन्स खीरी में गरिमामय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री के चित्रों पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए गए और सलामी दी गई।

समारोह को संबोधित करते हुए अधिकारियों ने महापुरुषों के अतुल्य योगदान को याद किया। उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी के सत्य व अहिंसा के सिद्धांत और शास्त्री जी का ‘जय जवान, जय किसान’ का संदेश आज भी समाज व जनसेवा में पथ-प्रदर्शन करता है। उन्होंने समस्त पुलिसकर्मियों से महापुरुषों के आदर्शों से प्रेरणा लेकर संवेदनशील व पारदर्शी पुलिसिंग को अपने आचरण में ढालने का आह्वान किया।

इस अवसर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिस कर्मियों को ‘उत्कृष्ट सेवा पदक’ प्रदान कर सम्मानित किया गया। साथ ही सेवा और सादगी के संदेश का अनुसरण करते हुए पुलिस लाइन के चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों को कंबल वितरित किए गए। समारोह के दौरान उपस्थित समस्त अधिकारियों व कर्मचारियों को राष्ट्र की एकता, अखंडता और सुरक्षा बनाए रखने की शपथ दिलाई गई। इस मौके पर अपर पुलिस अधीक्षक, क्षेत्राधिकारीगण और प्रतिसार निरीक्षक सहित विभिन्न कार्यालयों व पुलिस लाइन्स के कर्मचारी उपस्थित रहे।





