लखीमपुर खीरी: एसएसबी 39वीं वाहिनी ने हर्षोल्लास के साथ मनाया 19वाँ स्थापना दिवस
सांस्कृतिक कार्यक्रमों और देशभक्ति के गीतों से सजी शाम, अधिकारियों ने जवानों का बढ़ाया उत्साह


पलिया कलां (खीरी): सशस्त्र सीमा बल (SSB) की 39वीं वाहिनी, पलिया ने बुधवार को अपना 19वाँ स्थापना दिवस अत्यंत गरिमा और अनुशासन के साथ मनाया। इस अवसर पर वाहिनी मुख्यालय में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, जिसमें जवानों के शौर्य और समर्पण की झलक देखने को मिली।

स्थापना दिवस समारोह का औपचारिक शुभारंभ वाहिनी के कमांडेंट श्री रबीन्द्र कुमार राजेश्वरी को गार्ड ऑफ ऑनर की सलामी देकर किया गया। इस दौरान कमांडेंट ने महानिदेशक, सशस्त्र सीमा बल का संदेश पढ़कर सुनाया और सभी बलकर्मियों को स्थापना दिवस की बधाई दी। उन्होंने कठिन परिस्थितियों में देश की सीमाओं की सुरक्षा करने वाले जवानों की कर्तव्यनिष्ठा और उत्कृष्ट सेवाओं की जमकर सराहना की।

शाम को आयोजित सांस्कृतिक संध्या का उद्घाटन दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। कार्यक्रम में जवानों, संदीक्षा की सदस्यों और बच्चों ने नृत्य, संगीत और लघु नाटिकाओं के माध्यम से देश की ‘विविधता में एकता’ का संदेश दिया। देशभक्ति से ओत-प्रोत इन प्रस्तुतियों ने उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को कमांडेंट द्वारा मंच पर सम्मानित भी किया गया।

समारोह में स्थानीय प्रशासन और सिस्टर एजेंसियों के वरिष्ठ अधिकारियों सहित कई गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे, जिन्हें स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का समापन पारंपरिक ‘बड़ाखाना’ (सामूहिक भोज) के साथ हुआ, जहाँ अधिकारियों और जवानों ने एक साथ बैठकर भोजन किया। इस आयोजन ने बल के भीतर आपसी सौहार्द और एकता के संकल्प को और अधिक सुदृढ़ किया।






