छोटी काशी में जलाए जाएंगे सवा लाख दीपक, तैयारियां पूरी
- मां कात्यायनी सेवा समिति ने टोली प्रमुखों के साथ की बैठक में तैयार की रूपरेखा

छोटी काशी में जलाए जाएंगे सवा लाख दीपक, तैयारियां पूरी
– मां कात्यायनी सेवा समिति ने टोली प्रमुखों के साथ की बैठक में तैयार की रूपरेखा

गोलागोकर्णनाथ-खीरी। प्रभु श्रीराम की प्राण प्रतिष्ठा के दिन छोटी काशी के पौराणिक शिव मंदिर परिसर सवा लाख दीपकों से जगमग होगा। जिसको लेकर मां कात्यायनी सेवा समिति द्वारा कई दिनों से तैयारी की जा रही हैं। नीलकंठ मैदान में एक लाख बीस हजार दिए जलने के साथ 5000 दिए थर्माकोल की सीट पर रखकर पौराणिक तीर्थ सरोवर के जल में जगमग होंगे। सवा लाख दोनों को एक साथ जलाने को लेकर विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों का सहयोग वालंटियर के रूप में लिया गया है। जो दियों को एक निश्चित समय पर जलाएंगे। शनिवार को मोहल्ला मुन्नूगंज स्थित रैम कोचिंग इंस्टिट्यूट पर मां कात्यायनी सेवा समिति ने 2500 से अधिक स्वयंसेवकों के टोली प्रमुखों के साथ बैठक में कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार की। अमरनाथ मिश्रा ने टोली प्रमुखों से विचार विमर्श करते हुए कहा कि व्यवस्थित रूप से दीपकों को जलाया जाए, जिससे कि एक निश्चित समय में सभी दीपक रोशन हों। उन्होंने बताया कि दीपक पौराणिक तीर्थ व मंदिर के चारों ओर जलाए जाएंगे। संस्था के प्रबंधक रामदेव मिश्र शास्त्री ने बताया कि थर्माकोल की सीट पर दियों को रखकर तीर्थ के पानी में दियों को रोशन किया जाएगा। 500 वर्षो के बाद यह ऐतिहासिक दिन आया है, हम लोग सौभाग्यशाली हैं, जो इस दिन के साक्षी बनेंगे। संस्था के सदस्यों ने भी अपने विचार रखे। इस मौके पर आदित्य कुमार मिश्रा, रामू मिश्रा, आदर्श दीक्षित, शैलेंद्र सक्सेना एवं हरिहर त्रिपाठी आदि मौजूद रहे। इसी क्रम में नगर की पंजाबी कालोनी स्थित पंचमुखी हनुमान मंदिर में दीपोत्सव के साथ प्रसाद वितरण व आतिशबाजी के लिए भारतीय बजरंग दल के जिला अध्यक्ष अमित मिश्रा के नेतृत्व में बैठक कर तैयारी पर व्यापक चर्चा हुई। भारतीय बजरंग दल के पदाधिकारी व महंत शरद मिश्रा, हिमांशु जोशी व अनूप गुप्ता सहित तमाम कार्यकर्ता मौजूद रहे।






