
व्यापार मण्डल अध्यक्ष ने श्रीपीठ पर पूजन कर लिया श्रीजी का आशीर्वाद
पलियाकलाँ-खीरी। नगर व्यापार मण्डल पलिया मिश्र गुट के वर्ष 2024 के चुनावों में विजयश्री की पताका लहराने वाले निर्वाचित अध्यक्ष अनूप मिश्रा ने क्षेत्र के प्रमुख आध्यात्मिक केंद्र श्री पीठ मोहल्ला बाजार पहुँचकर माता त्रिपुरेश्वरी के समक्ष प्रणाम कर पूजन करते हुये नैवेद्य अर्पित कर श्रीजी से सदैव आशीर्वाद बनाये रखने की कामना की गई।
उल्लेखनीय है कि विगत तेरह वर्षों की भाँति इस बार भी उन्हें व्यापारियों के नेतृत्व का जिम्मा पलिया के व्यापारियों ने सौंपा है। एक लंबी चुनाव प्रक्रिया के बाद अपनी जीत पर व्यापारियों का आभार व्यक्त करते हुये उन्होंने कहा कि कि यह चुनाव व्यापारियों भाइयों के मध्य एक सामान्य प्रक्रिया के तहत करवाया गया। इसमें अध्यक्ष व महामन्त्री पद पर जीत हार को लेकर अतिउत्साहित होने की आवश्यकता नहीं है। हम सभी मिलकर व्यापारियों की समस्याओं के स्थायी समाधान का प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि नामांकन के पश्चात मैंने श्रीपीठ मातारानी के समक्ष दण्डवत प्रणाम कर विजयश्री का आशीर्वाद मांगा था, आज श्रीजी की कृपा से मैं अध्यक्ष के रूप में माता जी के समक्ष सर्वश्व अर्पण कर सदा सदा के लिये उनका आशीर्वाद प्राप्त करने की कामना लेकर आया हूँ। पूजनोपरांत अनूप मिश्रा को आशीर्वाद स्वरूप अंगवस्त्र एवं चुनरी प्रदान करते हुये श्रीकुल उपासक आचार्य गोविन्द माधव महाराज ने मन्त्रोक्त आशीर्वचन दिये गये। इस अवसर पर श्रीपीठ के प्रमुख सेवादार वरिष्ठ पत्रकार सेवा निवृत्त प्रवक्ता रामचन्द्र शुक्ला, धनेन्द्र शुक्ला, कृष्ण कुमार दिवाकर गोपी भैया,आचार्य राजेन्द्र तिवारी, आचार्य सोमेश माधव, आचार्य अभिषेक माधव, मनोज मिश्रा उपस्थित रहे।

























