बसें संचालित करने की उठाई मांग
पलिया बस आपरेटर्स एसोसिएशन ने किया बैठक का आयोजन

बसें संचालित करने की उठाई मांग
– पलिया बस आपरेटर्स एसोसिएशन ने किया बैठक का आयोजन

(निर्जेश मिश्र “सम्पादक”)
सावधान इण्डिया न्यूज, पलियाकलां-खीरी। बाढ़ के चलते पलिया से भीरा एवं लखीमपुर मार्ग पर बसों का संचालन बीते माह आठ जुलाई से बन्द कर दिया गया था। तब से आज तक इस रूट पर बसों का संचालन शुरू नहीं कराया गया। जिस कारण लोगों को लखीमपुर जाने के लिए शारदा पुल पर जाना पड़ता है, जहां से उन्हें बसें मिलती हैं। पलिया से शारदा पुल तक जाने में सवारियों को तमाम परेशानियों का सामना करना पड़ता है। इसके लिए उन्हॆं ई-रिक्शा का सहारा लेना होता है। ई-रिक्शा चालक लोगों से जमकर अवैध वसूली करते हैं। जितना किराया लखीमपुर तक बस का देना पड़ता है, उतनी वसूली ई-रिक्शा चालक पलिया से शारदा पुल कर लेते हैं। इसके अलावा बाइक सवार भी लोगों से जमकर अवैध वसूली कर रहे हैं। इतना ही नहीं बाइक चालक महिलाओं एवं युवतियों से छेड़छाड़ भी कर देते हैं। अभी तीन दिन पूर्व एक थारू युवती के साथ बाइक चालक द्वारा छेड़छाड़ का मामला प्रकाश में आया था। जनता की समस्याओं को मद्देनजर रखते हुए पलिया नगर की भीरा रोड पर स्थित पलिया बस आपरेटर्स एसोसिएशन कार्यालय में खजुरिया, गौरीफंटा, दुधवा एवं पलिया बस आपरेटर्स एसोसिएशन की एक बैठक का आयोजन किया गया, जिसमें कहा गया है कि पलिया-भीरा मार्ग पर बसों का संचालन अभी भी नहीं कराया जा रहा है, जबकि इस रूट पर मैजिक, टैक्सी, ई-रिक्शा, डग्गामार वाहन एवं गैस सिलिण्डर की गाड़ियों का संचालन अवैध रूप से कराया जा रहा है। बैठक में सर्व सम्मति से निर्णय लिया गया कि यदि बसों का संचालन नहीं कराया गया तो बस यूनियन में संचालित सभी बसों के कागजात एआरटीओ कार्यालय में समर्पित कर दिए जाएंगे और लखीमपुर वाया भीरा-बिजुआ, पलिया-गोला वाया मैलानी-खुटार, लखीमपुर-गौरीफंटा, लखीमपुर-खजुरिया, पलिया-चंदनचौकी, पलिया-लखीमपुर वाया निघासन एवं पलिया-गौरीफंटा मार्ग पर बसों का संचालन पूर्ण रूप से बन्द कर दिया जाएगा। बैठक में धर्म सिंह, जोरा सिंह खैरा, सतेन्द्र पाल सिंह, चरनजीत सिंह खैरा, मंजीत सिंह खैरा, चंचल सिंह खैरा, हरविन्दर सिंह, मंजीत सिंह विक्की, तारा सिंह, जसवन्त सिंह, मनमीत सिंह राना, इन्द्रजीत सिंह लवली एवं ललित गुप्ता मौजूद रहे।





