पंचमुखी हनुमान मन्दिर निघासन रोड पर होगी द्वादश ज्योतिर्लिंगों की स्थापना, छः ज्योतिर्लिंगों की स्थापना हेतु संकल्पित हुये शिवभक्त

पलियाकलाँ-खीरी। तराई क्षेत्र में सनातनी श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र जनपद खीरी पलिया तहसील के ग्राम बोझवा में निघासन रोड पर स्थित श्रीपंचमुखी हनुमान मंदिर पर शीघ्र ही द्वादश ज्योतिर्लिंगों की स्थापना आरम्भ होने जा रही है।
श्रावण माह की अमावस्या तिथि पर आयोजित द्वादश पार्थिव ज्योतिर्लिंगों के रुद्राभिषेक सम्पन्न होने पर इस आशय की घोषणा मन्दिर के प्रमुख सेवादार नीरज गर्ग द्वारा की गई।
ज्योतिर्लिंगों की स्थापना की घोषणा के साथ ही श्रीराम नाम सेवा संस्थान के संस्थापक एवं प्रमुख सेवादार मनोज अग्रवाल गोल्डन भइया ने महाकालेश्वर ज्योतिर्लिंग मन्दिर स्थापना का संकल्प लिया, वहीं जनपद पीलीभीत अग्रवाल राइस मिल के स्वामी नीरज गर्ग, पंचमुखी श्री हनुमान मंदिर की नींव रखने वाले प्रमुख व्यवसायी सुरेश चंद्र गर्ग, नौगवां के जाने माने व्यवसायी विनोद अग्रवाल, नरणौल हरियाणा से पधारे वरिष्ठ व्यवसायी एवं मन्दिर के सेवादार नेमीचन्द्र गर्ग, आद्यात्मिक गुरु एवं जाने माने ज्योतिषाचार्य वेदप्रकाश मिश्रा ने एक एक ज्योतिर्लिंग की स्थापना पर होने वाले व्यय का संकल्प लिया।
इस अवसर पर आचार्य वेद प्रकाश मिश्रा ने बताया कि प्रत्येक ज्योतिर्लिंग की स्थापना में लगभग सवा लाख से लेकर डेढ़ लाख रु0 तक व्यय का अनुमान है। इच्छुक श्रद्धालुजन अपनी अपनी श्रद्धानुसार एक ज्योतिर्लिंग के निर्माण का सम्पूर्ण अथवा आंशिक खर्च का संकल्प लेकर पूण्य लाभ के भागीदार बन सकते हैं।
आचार्यश्री ने अग्नि पुराण का वर्णन करते हुये बताया कि धर्म के निमित्त किया गया दान सर्वार्थ कल्याणकारी है। मंदिर बनाने की कल्पना करते ही मनुष्य के सैकड़ों जन्मों के पाप नष्ट हो जाते हैं। जो लोग आशुतोष के लिए मंदिर बनाने का संकल्प करते हैं , वे सभी पापों से मुक्त होकर शिवलोक में जाते हैं। शिवालय बनाकर मनुष्य अपने भूत और भविष्य के एक लाख पूर्वजों का उद्धार करता है, उसके पितरों का शिव एवं विष्णु के लोक में सम्मान होता है और वे नरक के कष्टों से मुक्त हो जाते हैं। देवताओं के लिये निवास का निर्माण करने से कठोर से कठोर पाप नष्ट हो जाते हैं और मनुष्य देवलोक को प्राप्त करता है।












