बसड्डे से एक किमी तक नगर में कहीं भी नहीं रोकी जायेंगी बसें : कोतवाल
पालिया से बसों पर यात्रा करने वाले यात्री बस स्टैण्ड से ही शुरू करें अपनी यात्रा

बसड्डे से एक किमी तक नगर में कहीं भी नहीं रोकी जायेंगी बसें : कोतवाल
– पालिया से बसों पर यात्रा करने वाले यात्री बस स्टैण्ड से ही शुरू करें अपनी यात्रा

(निर्जेश मिश्र)
सावधान इण्डिया न्यूज, पलियाकलां-खीरी। प्रभारी निरीक्षक विवेक कुमार उपाध्याय ने कहा कि पलिया से विभिन्न मार्गों पर यात्रा करने वाले समस्त यात्री अब बस स्टैण्ड से ही बस पर सवार होंगे। कोई भी बसें बसड्डे से चलकर एक किमी तक नहीं रोकी जाएंगी, अन्यथा की स्थिति में सम्बन्धित के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। वह कोतवाली में बस यूनियन के पदाधिकारियों के साथ आयोजित एक बैठक के दौरान बोल रहे थे।
बता दें कि नगर में अब तक यातायात के नियमों की जमकर धज्जियां उड़ाई जा रही थीं। खासकर निजी बसों से लोगों को असुविधा होती थी, क्योंकि निजी बसों के खड़े होने का कोई स्थान निश्चित नहीं था। यह बसें बसड्डे से चलने के बाद नगर के कमल चौराहा, टेहरा चौराहा, चीनी मिल, दुधवा तिराहा एवं बाईपास जैसे स्थानों पर खड़ी कर दी जाती थीं। जिस कारण अन्य वाहनस्वामियों को तमाम परेशानियों का सामना करना पड़ता था। आम जनता को होने वाली असुविधाओं और नगर में जगह-जगह लगने वाली जाम की समस्याओं को ध्यान में रखते हुए प्रभारी निरीक्षक ने पलिया बस यूनियन की एक आवश्यक बैठक कोतवाली में आहूत की। आयोजित बैठक के दौरान उन्होंने कहा कि जो दैनिक तथा बाहरी लोग पलिया यूनियन से चलने वाली बसों से अपने गंतव्य को जाते हैं, वह ध्यान दें कि अब कोई भी बस बसड्डे के बाहर एक किलोमीटर तक नहीं रुकेगी। इससे यातायात वाधित होता है और लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ता है। बस यूनियन के प्रभारी यदुनंदन पांडेय एवं सिंह बस सर्विस के प्रबंधक राकेश मिश्रा ने बताया कि पलिया पुलिस के साथ बैठक के बाद पुलिस के आदेश पर बस यूनियन ने यह निर्णय लिया है कि बस स्टैंड से निकलने के बाद भीरा, लखीमपुर एवं गोला गोकर्णनाथ मार्ग पर चलने वाली बसें स्टेट बैंक से पहले नहीं रुकेंगी। निघासन रोड की बसें भी रेल क्रासिंग के पास नहीं रोकी जाएंगी। जो बसें चंदनचौकी दुधवा और गौरीफंटा रोड पर चलती हैंं, वह भी अब बस स्टैंड से निकलने के बाद दुधवा तिराहे पर ही रुकेंगी। जिन यात्रियों को उक्त मार्गों पर यात्रा करनी है, वह बस यूनियन के अंदर से ही अपनी यात्रा प्रारंभ करें। शहर की ट्रैफिक व्यवस्था तथा यात्रियों की सुविधा व पुलिस के निर्देशों को ध्यान में रखते हुए उक्त नियमों का कड़ाई से पालन कराया जा रहा है। यात्रियों की असुविधा के लिए बस यूनियन ने खेद प्रकट करते हुए कहा है कि यह प्रशासन का आदेश है, जिसके विपरीत यूनियन कोई कार्य नहीं कर सकता। प्रभारी निरीक्षक का कहना है कि बैठक में जारी आदेशों का पालन यदि बस यूनियन द्वारा नहीं कराया गया तो सम्बंधित के विरुद्ध नियमानुसार कार्यवाही की जाएगी।






